बागेश्वर – लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम को लेकर बागेश्वर में प्रभावी कदम, 52,234 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण

बागेश्वर । जनपद ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल में लम्पी स्किन डिजीज जैसे लक्षण सामने आने के बाद बागेश्वर में पशुधन की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा एहतियाती उपाय तेज किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पशुधन संरक्षण एवं पशुपालकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए बीमारी की रोकथाम के लिए जिले में व्यापक स्तर पर टीकाकरण एवं निगरानी की जा रही है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. केके जोशी ने बताया कि जनपद में अब तक 52,234 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बागेश्वर में किसी भी पशु में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण नहीं पाए गए हैं।
संक्रमण की आशंका को देखते हुए जनपद के बाहर से गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं के आवागमन पर रोक लागू की गई है। साथ ही पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज होने पर पशुओं के शरीर पर दाने, गांठें एवं सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह रोग मुख्यतः मच्छर, मक्खी तथा अन्य काटने वाले कीटों के माध्यम से फैल सकता है।
उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के रहने वाले स्थानों की नियमित साफ-सफाई रखने, आसपास धुआं करने तथा किलनी सहित अन्य बाह्य परजीवियों के नियंत्रण के लिए पशु चिकित्सकों की सलाह से आवश्यक दवाओं का प्रयोग करने की अपील की। किसी पशु में बीमारी से संबंधित असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना देने को कहा गया है।
जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। समय पर टीकाकरण, आवागमन पर नियंत्रण एवं जागरूकता के माध्यम से पशुधन को सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisements

Leave a Reply