
अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस जनपद अल्मोड़ा उत्तराखंड के नेतृत्व में आज दिनांक 30 जून 2026 को चौघानपाटा से विशाल “युवा आक्रोश मशाल जुलूस” शहीद पार्क शिखर तक निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उत्तराखंड में पिछले लगभग एक दशक से सामने आए भर्ती घोटालों, परीक्षा अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस गोपाल भट्ट ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक और भर्ती विवादों ने लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और भविष्य को लेकर बढ़ती चिंता ने अनेक छात्रों और उनके परिवारों को गहरे मानसिक तनाव में डाला है, इसलिए सरकार को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
गोपाल भट्ट ने कहा उत्तराखंड में वर्षों से भर्ती घोटालों की घटनाओं ने मेहनतकश युवाओं के सपनों को झटका दिया है। जब छात्र दिन-रात मेहनत करें और बदले में उन्हें पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताएं मिलें, तो यह किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
संगठन ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच पूरी पारदर्शिता से हो, यदि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता जांच में स्थापित होती है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जाए और दोषियों को कठोर से कठोर सजा दी जाए। साथ ही सभी भर्ती प्रक्रियाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं को पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया जाए।
मशाल जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारे लगाए—
“अनपढ़ गुंडों की ये सरकार, नहीं चलेगी… नहीं चलेगी!”
“पेपर चोर, गद्दी छोड़!”
“शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, इस्तीफा दो!”
“भाजपा सरकार मुर्दाबाद!”
“छात्र-युवा विरोधी ये सरकार, नहीं चलेगी… नहीं चलेगी!”
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों की लगातार अनदेखी की गई और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश एवं देश में और अधिक व्यापक एवं तेज किया जाएगा। युवाओं के अधिकार, रोजगार, शिक्षा और न्याय की इस लड़ाई को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
युवा कांग्रेस जनपद अल्मोड़ा
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट प्रदेश, महासचिव युवा कांग्रेस प्रदीप बिष्ट , जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल ,प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस किरन आर्या, राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर युवा कांग्रेस नरेंद्र यादव ,नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस गौरव जोशी, गौरव सतवाल, संतोष कुमार , रितिक नयाल, विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस भुवन दोसाद ,युवा विधानसभा उपाध्यक्ष शशांक बिष्ट ,इसरार अहमद ,पार्षद गुंजन चम्याल ,मुकेश डेनी ,अनूप भारती, रोहित पंत ,पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शोभा जोशी, पियूष बिष्ट ,छात्र संघ कोषाध्यक्ष विनय कनवाल ,विशाल पडियार ,ब्लॉक अध्यक्ष विशाल कनवाल ,शरद शाह, नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस दीपा शाह, फेमिना खान,
पार्षद वैभव पांडे , व्यापारी नेता सुशील शाह ,मोनू उप्रेती पंकज रावत, हर्षित सिंह बिष्ट ,अख्तर हुसैन, कमलेश बिष्ट युवा कांग्रेस नेता कार्यकर्ता एवम वरिष्ठ जन व छात्र मौजूद रहे।


