बागेश्वर – 24 जून को नुमाइश मैदान में कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण शिविर

बागेश्वर । आगामी 24 जून को नुमाइश मैदान बागेश्वर में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर के तत्वाधान में आयोजित होने वाले शिविर में जनपद के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को उनके जीवन को सुगम बनाने वाले विभिन्न जीवन सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।
समाज कल्याण अधिकारी हेम तिवारी ने बताया कि पूर्व में आयोजित चिन्हींकरण शिविरों में जिन भी लाभार्थियों ने अपना पंजीकरण और चिन्हींकरण कराया था, वे सभी समय से इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं। शिविर का लाभ उठाने के लिए चिन्हित लाभार्थियों को अपनी चिन्हींकरण पर्ची तथा आधार कार्ड के साथ 24 जून को सुबह 10 बजे नुमाइश मैदान बागेश्वर में उपस्थित होना होगा। शिविर के दौरान पात्र व्यक्तियों को चिन्हींकरण के अनुरूप आवश्यक जीवन सहायक उपकरण जैसे चश्मे, छड़ी, व्हीलचेयर, कृत्रिम दांत, कान की मशीन और बैसाखी आदि वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रहेगी, जिसके द्वारा मानसिक दिव्यांगता एवं नाक, कान, गला संबंधी दिव्यांगताओं से पीड़ित व्यक्तियों का परीक्षण कर मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक जरूरतमंदों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Advertisements

Leave a Reply