
बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को कुँवारी और राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिल्खाडूगरचा में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
ग्राम कुँवारी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बदियाकोट की ओर से आयोजित शिविर में 15 लोगों की स्वास्थ्य जांच और गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान हीमोग्लोबिन की जांच कर एनीमिया के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य गैर-संचारी रोगों से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरनयुक्त खाद्य पदार्थों के सेवन, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की जानकारी दी गई। जरूरतमंदों को लिवर सिरप, अल्फा सिरप और होम्योपैथिक आई ड्रॉप्स भी वितरित किए गए। शिविर का आयोजन निदेशक होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं उत्तराखंड डॉ. जेएल फिरमाल और प्रभारी जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखा सम्मल के निर्देश पर किया गया।
वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिल्खाडूगरचा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) रातिरकेटी की ओर से आउटरीच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 35 लोगों को लाभान्वित किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने जंक फूड के दुष्प्रभाव, पोषण, स्वच्छता, संतुलित आहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग और विरुद्ध आहार-विहार के बारे में बताया। इसके बाद बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





