
गरुड़ (बागेश्वर ) । तहसील के भेटा गांव का लाल सेना में अफसर बन गया है। आईएमए देहरादून में पासिंग आउट परेड में शामिल होकर भेटा के हर्षित लोहुमी लेफ्टिनेंट बन गए हैं। हर्षित की इस उपलब्धि पर भेटा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
भेटा गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान कृपाल दत्त लोहुमी के पुत्र हर्षित लोहुमी ने सीडीएस क्वालिफाई किया। गत दिवस भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में पासिंग आउट परेड में प्रतिभाग करने के बाद वे लेफ्टिनेंट बन गए हैं। हर्षित के पिता कृपाल दत्त लोहुमी पंडिताई का काम करते हैं, जबकि उनकी माता हेमा लोहुमी गृहिणी है। हर्षित दो बहनों ऋचा व भानु के इकलौते भाई हैं। हर्षित की 85 वर्षीय दादी कमला लोहुमी भी देहरादून जाकर पोते की खुशी में शामिल हुई और गर्व से उनका भी सीना चौड़ा हो गया। हर्षित की इस उपलब्धि पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, जिपंस जनार्दन लोहुमी, नपं अध्यक्ष भावना वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र पांडे बृजवासी, तहसील पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


