नमामि गंगे एवं “आओ हम सब योग करें” अभियान का 18वाँ दिन सम्पन्न….उत्तराखण्ड से उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक गूंज रहा योग का संदेश

योग बना जनआंदोलन, गाँव-गाँव, शहर-शहर पहुँच रहा स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति का अभियान
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन (नमामि गंगे) उत्तराखण्ड तथा योग विज्ञान विभाग, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “आओ हम सब योग करें” अभियान का 18वाँ दिन उत्साह, ऊर्जा एवं जनसहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वास्थ्य, ज्ञान व विश्व शांति के लिए योग” के अंतर्गत संचालित यह अभियान आज एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। उत्तराखण्ड के पर्वतीय गाँवों से लेकर उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक योग की अलख जगाते हुए प्रशिक्षु प्रतिदिन निःशुल्क योग शिविरों का संचालन कर रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, लोहाघाट, बराकोट, धौलादेवी, खत्याड़ी, धारानौला, कर्नाटक खोला, दुगालखोला, श्यालीधार, विवेकानंद पुरी, नंदा देवी क्षेत्र सहित उत्तराखण्ड के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ मुरादाबाद, फतेहगढ़ एवं लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तथा दिल्ली कैंट एवं कबूल लाइन (दिल्ली) में भी नियमित रूप से निःशुल्क योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
शिविरों में प्रतिभागियों को आसन, प्राणायाम, मुद्रा, बंध, ध्यान एवं भक्ति योग का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रतिभागियों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से कमर दर्द, गर्दन दर्द, सिरदर्द, तनाव, अनिद्रा एवं अन्य जीवनशैली संबंधी समस्याओं में लाभ प्राप्त हो रहा है तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं।
डॉ. नवीन चंद भट्ट ने दिया प्रेरक संदेश
योग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन चंद भट्ट ने कहा कि—
“योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने की जीवनशैली है। जब योग घर-घर पहुँचेगा, तब स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित भारत का निर्माण होगा। ‘आओ हम सब योग करें’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को योग से जोड़कर स्वास्थ्य, सद्भाव और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करना है।”
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे और योग दोनों भारतीय संस्कृति के ऐसे अभियान हैं जो बाहरी और आंतरिक स्वच्छता का संदेश देते हैं। गंगा जहाँ पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देती है, वहीं योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है।
योग प्रशिक्षु निभा रहे जनजागरण की महत्वपूर्ण भूमिका
अभियान में जुड़े प्रशिक्षु विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों, मोहल्लों एवं ग्राम क्षेत्रों में जाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक कर रहे हैं। महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की बढ़ती सहभागिता यह दर्शाती है कि योग अब जन-जन की आवश्यकता बनता जा रहा है।
अभियान के सफल संचालन एवं निरीक्षण हेतु डॉ. नवीन चंद भट्ट, डॉ. लल्लन कुमार सिंह, डॉ. गिरीश अधिकारी तथा शोधार्थी दीपक सिंह एवं रक्षित पांडे निरंतर विभिन्न योग शिविरों का निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
हजारों लोग हो रहे लाभान्वित
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 से संचालित “आओ हम सब योग करें” अभियान के अंतर्गत 21 मई से 21 जून तक निरंतर निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से हजारों लोग योग, स्वास्थ्य, गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति से जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।

Advertisements

Leave a Reply

Recent Posts