

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के निर्देशों के क्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा होम्योपैथिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजूलता यादव एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. शिखा सम्बल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजूलता यादव ने छात्राओं को भविष्य के प्रति जागरूक करते हुए कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया। स्वास्थ्य सत्र के दौरान जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. शिखा सम्बल ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम तथा संतुलित पोषण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, विभाग की ओर से छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए जिला मिशन समन्वयक सुरेन्द्र कुमार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ एवं ‘नंदा गौरा’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक षष्टी काण्डपाल ने बाल विवाह रोकथाम, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट तथा विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में छात्राओं को जागरूक किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शोभा टम्टा ने इस पहल की सराहना करते हुए छात्राओं से कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रभारी सीडीपीओ सुनीता वर्मा, जिला समन्वयक (एनएनएम) लता भंडारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

