बागेश्वर – सोशल मीडिया पर मिली शिकायत पर खाद्य आपूर्ति विभाग की त्वरित कार्रवाई…..नियम विरुद्ध तेल भरने पर पेट्रोल पंप को चेतावनी व दस हजार का जुर्माना

बागेश्वर । जनपद में अवैध रूप से ईधन के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे की ओर से एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। बीते दिनों गरुड़ क्षेत्र के एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभाग को कुछ वीडियो क्लिप प्राप्त हुई थीं, जिनमें एक छोटे मालवाहक वाहन (पिकअप) में पेट्रोल पंप से अवैध रूप से ड्रमों में तेल भरते हुए दिखाया गया था। इन वीडियो का संज्ञान लेते हुए विभाग ने तुरंत जांच के आदेश दिए।
पूर्ति निरीक्षक, गरुड़ के माध्यम से विस्तृत जांच कराई गई। जांच प्रक्रिया के दौरान पूर्ति निरीक्षक गरुड़ और नायब तहसीलदार गरुड़ ने संयुक्त रूप से भ्रामरी फ्यूल्स, नौघर गरुड़ का औचक निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट में वीडियो में दिखाई गई शिकायतों की पुष्टि होने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की संस्तुति व जांच के आधार पर नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते भ्रामरी फ्यूल्स, नौघर को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी की गई है। साथ ही संबंधित पेट्रोल पंप पर 10,000 रुपये (दस हजार) का अर्थदंड भी आरोपित किया गया है। पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की किसी भी अनियमितता या अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply