गरुड़ – ऐतिहासिक व पौराणिक विरासत का संरक्षण जरूरी – पार्वती दास……रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव का हुआ शुभारंभ

रमेश चन्द्र पाण्डेय ( बृजवासी)

गरुड़ (बागेश्वर ) ।रंगारंग
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव प्रारंभ हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विधायक पार्वती दास ने कहा कि ऐतिहासिक व पौराणिक विरासत का संरक्षण करना जरूरी है।
जिला प्रशासन व नपं के तत्वाधान में आयोजित हो रहे चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ करते हुए दास ने कहा कि कत्यूर घाटी का एक समृद्धशाली इतिहास रहा है। यह घाटी कई ऐतिहासिक पुरावशेषों को समेटे हुए हैं। इनका संरक्षण करना नितांत आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि यह कत्यूर महोत्सव यहां की संस्कृति व धरोहर को सहेजने में मील का पत्थर साबित होगा। विशिष्ट अतिथि जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या ने कहा कि महोत्सव मेल-मिलाप का बेहतर मंच है। अध्यक्षता करते हुए नपं अध्यक्ष भावना वर्मा सभी का आभार व्यक्त किया।

संचालन देवेंद्र गोस्वामी, चंद्रशेखर बड़सीला व रविशंकर बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सीडीओ आरसी तिवारी, एसडीएम वैभव कांडपाल, पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, ईओ धीरज कांडपाल, ब्लाक प्रमुख किशन बोरा, पूर्व प्रमुख हेमा बिष्ट, नपा बागेश्वर के अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदन थापा, नंदन सिंह अल्मिया, हेम वर्मा, डीके जोशी, सभासद अंकित जोशी, प्रदीप गुरुरानी,ललित प्रसाद, शुभम भैसोड़ा, ममता, बबीता नेगी, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, हरीश जोशी, जिपंस जनार्दन लोहुमी, बबलू नेगी, शारदा देवी, हेमलता, जेसी आर्या, हरीश रावत, मंगल राणा, सुनील दोसाद, दिनेश बिष्ट आदि मौजूद थे।


……………………………….
सांस्कृतिक शोभा यात्रा में दिखी पूरे कत्यूर की झलक
गरुड़। कत्यूर महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई सांस्कृतिक शोभा यात्रा में पूरे कत्यूर की झलक देखने को मिली। शोभा यात्रा को दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, नपं अध्यक्ष भावना वर्मा, जिपंस जनार्दन लोहुमी आदि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बैजनाथ मंदिर, कोट भ्रामरी मंदिर समेत कत्यूर घाटी की विविध सांस्कृतिक, पौराणिक व ग्रामीण परिवेश पर आधारित झांकी प्रस्तुत कर समूचे कत्यूर को गरुड़ बाजार में उतार दिया। पाये गांव की होली गायन की झांकी पर लोगों ने जमकर ठुमके लगाए।
…………………………………
बच्चों की प्रस्तुति ने मन मोहा
गरुड़। कत्यूर महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की झांकी ने खूब तालियां बटोरी। इस दौरान बीईओ कमलेश्वरी मेहता आदि मौजूद थे।
…………………………………
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
गरुड़। कत्यूर महोत्सव में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागों ने लोगों को विभिन्न जानकारी दी।
………………………………..
मंगल मूर्ति संगठन ने आयोजित किया भंडारा
गरुड़। मंगल मूर्ति संगठन गरुड़ ने सुबह और दिन में समाजसेवी गोपाल सिंह नेगी ने स्कूली बच्चों, मेलार्थियों आदि लोगों को भंडारा कराया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
………………………………..
ऊंट की सवारी रही आकर्षण
गरुड़। पहली बार राजस्थान से आए ऊंट की सवारी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने सवारी का खूब आनंद लिया।

Leave a Reply