गरुड़ – कौसानी में गैस व जल संकट से पर्यटन उद्योग प्रभावित…. प्रशासन से की शीघ्र समाधान की मांग

रमेश चन्द्र पाण्डेय (बृजवासी)

गरुड़ ( बागेश्वर) । विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी इन दिनों गैस व जल संकट की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग प्रभावित होने लगा है। इस संबंध में कौसानी होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें होटल व्यवसायियों ने समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बैठक के उपरांत एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी गरुड़ को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि पिछले लगभग दो महीनों से क्षेत्र में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। साथ ही जल आपूर्ति भी अनियमित बनी हुई है, जिसके चलते होटल और रेस्टोरेंट का संचालन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेन्द्र मेहरा, आर.सी. चौधरी, हरीश खर्कवाल व विपिन उप्रेती ने बताया कि गैस की आपूर्ति ठप होने के कारण भोजन तैयार करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं, जबकि जल संकट के चलते स्वच्छता व्यवस्था, दैनिक संचालन और अतिथियों को दी जाने वाली सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कई होटल व रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
व्यवसायियों ने चिंता जताई कि मूलभूत सुविधाओं की कमी का सीधा असर पर्यटन पर पड़ रहा है। पर्यटकों को अपेक्षित सुविधाएं न मिलने से कौसानी की छवि प्रभावित हो रही है, जिससे भविष्य में पर्यटकों की संख्या में कमी आने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी प्रभावित होंगे और अनेक लोगों की आजीविका संकट में पड़ सकती है।
होटल व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि वाणिज्यिक गैस आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू की जाए। जल आपूर्ति को नियमित किया जाए तथा जल संचयन के लिए जनरेटर व अतिरिक्त पानी की मोटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अनिल बिष्ट, शेखर पांडे, मनोज बिष्ट, गिरीश सती, नीरज खत्री सहित अन्य होटल व्यवसायी मौजूद रहे।

Leave a Reply