
कपकोट(बागेश्वर)l कपकोट ब्लॉक के उच्च हिमालयी क्षेत्र के पिंडर घाटी के बदियाकोट ग्राम पंचायत की खूबसूरत पहाड़ी पर स्थित आदि बद्री भगवती माता के पावन धाम में नंदा उप जात यात्रा महाआठो पर्व आज विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया है। इस ब्लॉक के सैकड़ों गांवों के अलावा कुमाऊं औऱ गढ़वाल के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में पहुंचे लोगों की शनिवार की शाम से ही खासी भीड़ जमा होने लगी। रविवार के सुबह मंदिर क्षेत्र पूजार्थियों से खचाखच भर गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा पाठ कर मैय्या से मन्नत मांगी कई लोगों ने मन्नत पूरी होने पर मंदिर में पूजा के काम आने वाले वस्तु के साथ हीं चुनरी आदि अर्पित किए। अपराह्न शिमकन्या से बनी देवी की मूर्ति मूर्ति की गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर पवित्र स्थान पर विसर्जित कर दिया। मेलार्थी पारंपरिक चांचरी के गीतों के गायन में मस्त रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।शनिवार शाम पूजा के लिए पवित्र जल औऱ ब्रह्मकमल लेने सुन्दरढ़ूंगा गलेशियर के पवित्र नंद कुंड से जल औऱ ब्रह्मकमल लेने गए 50 सदस्यीय धामियों, देव डांगरों औऱ उनके सहयोगियों के दल का यहां पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। सुबह शाम जागर के गीतों के गायन में अवतरित हुए देव डांगरों ने लोगों को आशीर्वाद दिया औऱ उनके सवालों का भी समाधान किया। मंदिर में हो रही सुबह शाम की महा आरती देखते ही बन रही थी।नंद कुंड की पवित्र यात्रा पर जाने वालों में पुष्कर सिंह दानू माँ भगवती धामी, बलवंत दानू बारह बदकोटी धामी,धर्मेन्द्र दानू भूमियाल धामी, राजेन्द्र दानू विरंग दानू धामी, हीरा सिंह दानू गोलू धामी, हरीश दानू महाकाली धामी, खिलाप सिंह दानू कुंड वाण देवता धामी, धन सिंह दानू, दीवान दानू देवता धामी (किलपारा), केदार सिंह दानू मुस दानू धामी, वीरेंद्र सिंह दानू, गुरु धामी, हुकम सिंह दानू- जीव दानू (भुजीयण धामी) वाछम औऱ उनके सहयोगी शामिल थे। विधायक सुरेश गडिया ने मंदिर में पूजा अर्चना की उन्होंने ने भगवती माता से देश, प्रदेश की सुख, समृद्धि औऱ खुशहाली की कामना की। मुख्य धामी मंगल सिंह दानू औऱ देव सिंह दानू ने प्रसाद बांटा। वहां कमेटी के संरक्षक हुकुम दानू, अध्यक्ष भरत पाल सिंह दानू, उपाध्यक्ष खीम सिंह दानू, कोषाध्यक्ष शिव सिंह दानू, व्यवस्थापक दीवान सिंह दानू, पूर्व प्रमुख गोविंद दानू, विधायक सुरेश गढ़िया के निजी सचिव धर्मेंद्र दानू, केदार सिंह दानू, आचार्य पूरन चंद्र जोशी, प्रेम सिंह औऱ विक्रम दानू समेत क्षेत्र के ग्राम प्रधान औऱ बीडीसी सदस्य औऱ जिला पंचायत सदस्य आदि थे।
मालूम हो कि मंदिर में 16 साल के लंबे इंतजार के बाद इस यह महा उत्सव गत 24 अगस्त से शुरू हुआ था। मंदिर कमेटी ने सभी के सहयोग के प्रति आभार जताया।