Uttarakhand:- अनाथ बच्चों और बेसहारा महिलाओं को मिलेगा घर….. जानिए नई पहल

उत्तराखंड राज्य में अनाथ बच्चों और बेसहारा महिलाओं को आश्रय मिलेगा। राज्य में एक नई पहल की शुरुआत हो रही है जिससे अनाथ बच्चों और निराश्रित महिलाओं को आश्रय केंद्रों में अलग-थलग नहीं रहना पड़ेगा बल्कि वह एक ही छत के नीचे पारिवारिक माहौल में रह पाएंगे इसके लिए विकास नगर में आलंबन गांव बसाने का प्रस्ताव है। इसको लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश यादव ने सचिव समिति की बैठक में प्रस्तुति दी और मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने इस योजना को हरी झंडी दे दी है। विकास नगर में करीब 6 एकड़ जमीन पर एक गांव विकसित किया जाएगा जहां पर 20 घर बनेंगे। हर घर में 16 सदस्य रहेंगे और प्रत्येक घर में 6 से 12 साल के 8 बच्चे और 12 से 18 साल की चार किशोरियां एवं चार महिलाएं एक परिवार की तरह रहेंगे। इस गांव की कुल क्षमता लगभग 320 सदस्यों की होगी और शुरुआत पहले पांच घरों से की जाएगी तथा इस गांव में रहने वाली किशोरियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार द्वारा कई व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जाएंगी। उनके उत्पाद और सामग्री बिक्री के लिए आउटलेट केंद्र खोले जाएंगे इसके अलावा खेती बागवानी डेयरी आदि का प्रशिक्षण उन्हें दिया जाएगा।