
उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आज 149 बालिकाओं को स्मार्टफोन दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आज अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम के दौरान देहरादून में बालिकाओं को सम्मानित किया। उन्होंने बोर्ड की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 149 मेधावी छात्राओं को स्मार्टफोन दिया और छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या पूजन की वास्तविक सार्थकता तभी है जब बेटियों को सम्मान,सुरक्षा, शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिले। उन्होंने बेटियों को परिवार की खुशियों के साथ-साथ समाज की शक्ति और राष्ट्र के उज्जवल भविष्य की आधारशिला भी बताया तथा इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में चल रही योजनाओ के बारे में भी चर्चा की और छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।





