
उत्तराखंड राज्य में स्थित लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। हेमकुंड साहिब के बाद आज प्रथम नवरात्रि के पावन अवसर पर लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद हो चुके हैं। आज सुबह 7:15 में मंदिर के कपाट पूरे विधि विधान के साथ बंद किए गए और कपाट बंद करने से पूर्व लक्ष्मण की पूजा अर्चना की गई जिसके बाद कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए। इस दौरान लोकपाल लक्ष्मण मंदिर चारों तरफ से बर्फ से ढका हुआ रहा, मंदिर परिसर और आसपास बर्फबारी के चलते क्षेत्र में काफी ठंड पड़ रही है तथा मंदिर के कपाट बंद होने के समय भी यहां पर बर्फबारी देखने को मिली। यदि हम हेमकुंड साहिब की बात करें तो बीते शनिवार को हेमकुंड साहिब के कपाट भी बंद कर दिए गए हैं और हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने साल की अंतिम अरदास में प्रतिभाग किया इसके साथ ही इस बार हेमकुंड साहिब में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालु पहुंचे।





