
देहरादून| पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ कर राजनीतिक गलियारे में हलचल पैदा कर दी है|
बताते चलें कि शनिवार को कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने जोशीमठ भू-धंसाव की समस्या रखी| जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल रहे| मुलाकात के बाद हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा में फेसबुक पर पोस्ट शेयर किया| जिससे राजनीतिक हलचल पैदा हो गई|
अपनी पोस्ट में हरीश रावत ने लिखा, ‘भविष्य के प्रतिद्वंद्वियों को सावधान रहना चाहिए| राज्य के मुख्यमंत्री जी बहुत अच्छे सुनने वाले व्यक्ति हैं| कल हम जोशीमठ आपदा पर ढेर सारे सुझाव देने के लिए गए| जिसमें कई सुझाव आलोचनात्मक भी थे, तीक्ष्ण सवाल भी थे, मगर मुख्यमंत्री जी ने पूरे धैर्य के साथ उनको सुना| अब कितना समाधान निकलेगा इस पर भविष्य की नजर रहनी चाहिए| देखते हैं प्री-फेब्रिकेडेट घर कब बनने शुरू होते हैं, टेंट कॉलोनी यदि हो तो कब तक लगती है, सुरक्षित स्थानों का चयन कब होता है, मुआवजे की राशि लोगों को कब तक बांटी जाती है, कितना मुआवजा मिलेगा और साधारण लोग जिनकी आजीविका जोशीमठ पर है उनके लिए क्या होता है, गाय के लिए क्या होता है, गाय के दूध पर जिनकी आर्थिकी है उनके लिए क्या होता है, तो बहुत सारी चीजें हैं, जिनकी हम सबको प्रतीक्षा रहेगी| मगर एक बात सत्य है कि सुना मुख्यमंत्री जी ने पूरे धैर्य से|’
