
उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमाचल प्रदेश में हुंकार भरते हुए कहा कि हिमाचल में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमाचल के जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में हुई चुनावी सभा में यह बातें कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार जनता ने भाजपा को चुनकर मिथक तोड़ दिया है और उसी तरह हिमाचल में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि आज भले ही हिमाचल और उत्तराखंड के बीच सीमाओं का रेखांकन हो गया हो लेकिन हम दिल से एक दूसरे के साथ जुड़े हैं और रोटी- बेटी का हमारा नाता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा गया कि एक तरफ वे लोग हैं जिन्होंने झूठे वादे किए। 55 साल तक राज्य किया लेकिन हमेशा पहचान को समाप्त करने का कार्य किया। दूसरी तरफ से लोग हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने का काम किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है और वहीं दूसरी तरफ हिमाचल में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश का विकास हो रहा है। अपने इन्हीं शब्दों के साथ हिमाचल में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित किया।

