
उत्तराखंड राज्य के कुमाऊं क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार द्वारा सख्ती बरतने और अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि कुमाऊं में पुलिस मुख्यालय आपराधिक गतिविधियों को लेकर सख्त हो गया है। बीते रोज कुछ बदमाशों द्वारा ज्वेलर के बेटे पर फायरिंग कर दी गई और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 3 कारोबारियों से काशीपुर में रंगदारी मांगी गई। जिससे उनमें भय का माहौल है। इन घटनाओं को देखते हुए बीते गुरुवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीआईजी कुमाऊं समेत नैनीताल और उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक की गई। उन्होंने अपराधिक घटनाओं के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि यह काफी गंभीर मामले हैं और अराजक तत्व प्रदेश में भय का वातावरण पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। जो भी ऐसे काम कर रहे हैं उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए मामले में अपराधी पाए जाने वाले लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर उनकी संपत्ति ज़ब्त कर ली जाए।

