
अल्मोड़ा। जिले के जागेश्वर वन क्षेत्र में चीड़ के पेड़ों से अवैध रूप से निकाला गया लीसा जब्त कर दिया गया है। क्षेत्र के कछियोला नाप भूमि में चीड़ के पेड़ से अवैध रूप से लीसा निकालने की शिकायत पर वन विभाग ने लीसा छेवक के खिलाफ कार्यवाही की। वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार जोशी ने एक व्यक्ति के खिलाफ अवैध लीसा लगाए जाने की शिकायत की थी जिस पर विभागीय टीम गठित कर जांच की गई और अवैध रूप से चीड़ के पेड़ से लीसा निकाले जाने की पुष्टि होने पर लीसा जब्त कर लिया गया है। लीसा छेवक के पास से आमद से अधिक 5 से 7 क्विंटल लीसा जब्त कर धौलादेवी मोटर लीसा डिपो में सुरक्षित रखवाया गया है। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार विभाग की ओर से संबंधित लीसा छेवक को अनधिकृत कार्यों के चलते ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति की गई है और इस मामले में आगे की जांच फिलहाल जारी है जांच के आधार पर छेवक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।





