
अल्मोड़ा। वैसे तो देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नही है। आज राज्य के युवा देश- विदेशों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। बता दें कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की बेटी महिका बिष्ट ने सेना में लेफ्टिनेंट बन अपना और पूरे परिवार का सपना साकार किया है। महिका लमगड़ा ब्लॉक के सांगड गांव की निवासी है और महिका ने सेना में लेफ्टिनेंट बन पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इससे महिका के स्वजनों में खुशी का माहौल है। महिका के पिता का नाम स्व. राजेंद्र सिंह बिष्ट और माता का नाम इंदिरा बिष्ट है और उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर लेफ्टिनेंट बनकर दिखाया। महिका की शुरुआती शिक्षा सितारगंज और इसके बाद नैनीताल के डीएसबी परिसर से हुई है। बीएससी की परीक्षा पास करने के बाद महिका ने आर्मी कोर इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल से कमीशन प्राप्त किया। बताते चले कि महिका ने बीते दिनों चेन्नई में पासिंग आउट परेड पास की है जिसके बाद वह लेफ्टिनेंट बन गई है। इस कार्यक्रम में उनके स्वजन मौजूद रहे। महिका के पिता स्व. राजेंद्र सिंह बिष्ट की हमेशा से यह इच्छा थी कि उनके बच्चे कुछ अलग करके दिखाएं और महिका ने अपने पिता का सपना पूरा किया।
