सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती -: राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़ा उत्तराखंड

देहरादून| राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी| उन्होंने कहा आजादी का अमृतकाल सरदार पटेल के सपनों के भारत के नवनिर्माण का है| देश की एकता और अखंडता की रक्षा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा| उनकी जयंती पर एक भारत श्रेष्ठ भारत में स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लेना होगा|

Advertisements


आज चंपावत बनबसा मिनी स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही सीएम ने भी दौड़ में हिस्सा लिया| वहीं विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी भूषण ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी| इस दौरान उन्होंने कहा कि दृढ़संकल्प शक्ति की वजह से सरदार पटेल देश-विदेश में लौह पुरुष के नाम से लोकप्रिय हैं| स्वतंत्रता के बाद 550 से ज्यादा देशी रियासतों को भारत संघ में शामिल करने में उन्होंने ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी| राष्ट्रीय एकता के लिए उनके इस योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा|
बताते चलें कि इससे पूर्व रविवार को भी देहरादून में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष में मैराथन का आयोजन किया गया था| जिसमें देश-विदेश से करीब 15,000 एथलीटों ने हिस्सा लिया|