
यूक्रेन में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारत ने बीते बुधवार 19 अक्टूबर 2022 को एडवाइजरी जारी करते हुए भारतीय नागरिकों और छात्रों को जल्द से जल्द यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास ने अपने टि्वटर हैंडल पर यह एडवाइजरी प्रकाशित की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक यूक्रेन की यात्रा ना करें और छात्र जल्द से जल्द यूक्रेन छोड़ दें। बता दें कि बीते सोमवार की सुबह यूक्रेन के कीव शहर में कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई है तथा इनमें ईरान निर्मित ड्रोन का उपयोग किया गया है। रूस द्वारा किए गए हमले से यूक्रेन की राजधानी कीव में 5 लोग मारे गए हैं। यही नहीं बल्कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन के 30% बिजली स्टेशन रूसी हमलों के कारण नष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा रूस में यूक्रेन के सम्मिलित चार क्षेत्रों में पुतिन द्वारा मार्शल लॉ लगा दिया गया है और पुतिन का यह आदेश आज गुरुवार से प्रभावी होगा।
रूस द्वारा किए जा रहे लगातार हमलों के कारण भारत ने अपने नागरिकों और छात्रों के लिए यह एडवाइजरी जारी की है।

