
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने तीन दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के कारण दौरे पर थे और बीते सोमवार को प्रवास का अंतिम दिन था। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की और कहा कि वह अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास की रिपोर्ट दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपेंगे। उनके द्वारा पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्होंने धामी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि राज्य में जो भी घटनाक्रम घटे उसे लेकर सरकार ने त्वरित निर्णय लिए हैं और कार्यवाही की है। उनका कहना था कि घटनाओं को रोकना नामुमकिन है मगर उस स्थिति में सरकार की क्या प्रतिक्रिया रहती है देखना यह है। उत्तराखंड को लेकर उन्होंने बताया कि यहां पर केंद्र सरकार भी विकास कर रही है और राज्य सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन भी ठीक से हो रहा है। इसका उदाहरण ग्रामीण क्षेत्रों से मिला फीडबैक है और यहां जो भी रुपया प्रधानमंत्री द्वारा भेजा जा रहा है वह सीधे लाभार्थी को मिल रहा है तथा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। इसके अलावा उन्होंने जिलों के प्रभारी मंत्रियों से यह अपेक्षा की है कि वे जिलों में नियमित प्रवास करें।

