Uttarakhand-केदारनाथ धाम में गिरता तापमान बढ़ा रहा है यात्रियों की परेशानियां…….. हेल्थ एडवाइजरी जारी

उत्तराखंड राज्य के केदारनाथ धाम में तापमान लगातार गिर रहा है। बता दें कि रात्रि के समय यह तापमान माइनस में पहुंच रहा है। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश और हिमपात के कारण तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। जिसे लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तीर्थ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सलाह जारी की गई है। विभाग द्वारा यात्रियों को सलाह दी गई है कि ठंड से बचने के लिए जरूरी एहतियात बरतें। बता दें कि चिकित्सा राहत केंद्रों में लगातार तीर्थ यात्रियों के ठंड से तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ रही है। यात्रियों को गर्म कपड़े पहनने, रेनकोट या छाता साथ ले जाने की सलाह दी गई है। यात्रा मार्ग पर स्थापित समस्त चिकित्सा इकाइयों में तैनात कार्मिकों को डॉक्टर मर्तोलिया द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि वे लोग तीर्थ यात्रियों को गर्म कपड़े पहनने और साथ रखने के लिए प्रेरित करें।