अब ताजमहल का नाम होगा तेजो महालय!

ताजनगरी में साढ़े 4 साल में 80 से ज्यादा सड़कों और चौराहों के नाम बदलने वाले आगरा नगर निगम में बुधवार को ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का प्रस्ताव लाया जाएगा| आज दोपहर 3:00 बजे से होने वाले नगर निगम सदन के अधिवेशन में यह प्रस्ताव पेश होगा| ताजगंज के भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर इसे पेश करेंगे| उनका कहना है कि उन्होंने प्रस्ताव संख्या 4(7) में इसके संबंध में कई तथ्य रखे हैं| जिसके आधार पर यह नाम बदलने का प्रस्ताव सदन के सामने रखा जाएगा|


उन्होंने कहा इससे पूर्व कई सड़कों, चौराहों के नाम बदले गए है| इसलिए अब वक्त आ गया है कि ताजमहल का नाम भी बदलकर तेजो महालय किया जाए| वह ऐतिहासिक तथ्यों को सदन में रखेंगे और नाम बदलने पर समर्थन मांगेंगे|
बताते चलें कि हिंदूवादी संगठन लगातार ताजमहल को तेजो महालय बताते आ रहे हैं| इसे लेकर कई बार विवाद भी खड़ा हुआ है|