
देहरादून| राज्य में अग्निवीरों की भर्ती रैली अगस्त एवं सितंबर महीने में शुरू होगी| सेना ने भर्ती रैली की तिथियां और भर्ती स्थल तय कर दिए हैं| सेना के जोनल भर्ती ऑफिसर मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित ने शासन को भी अग्निपथ योजना के तहत होने वाली भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी है| राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. एनएस संधू ने अग्निपथ योजना के तहत राज्य में होने वाली भर्तियों के संबंध में शासन के उच्चाधिकारियों, पुलिस एवं सेना के अधिकारियों के मध्य बैठक की| मुख्य सचिव ने मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया में सेना को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी|
मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित ने बताया कि उत्तराखंड में अगस्त एवं सितंबर माह में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है| इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया सेना की वेबसाइट के माध्यम से शुरु हो गई है| गढ़वाल क्षेत्र में अग्निवीरों की भर्ती चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी में भर्ती 19 अगस्त से 31 अगस्त तक होगी| इसके लिए स्थान गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार तय किया गया है| इसके अलावा कुमाऊं क्षेत्र में अग्निवीरों की भर्ती अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर में 20 अगस्त से 31 अगस्त तक तय की गई है| इसके लिए स्थल सोमनाथ ग्राउंड, कुमाऊँ रेजीमेंट सेंटर रानीखेत तय किया गया है| चंपावत और पिथौरागढ़ में 5 सितंबर से 12 सितंबर तक अग्निवीरों की भर्ती होगी| इसके लिए स्थान जनरल बीसी जोशी, आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ तय किया गया है|
