
उत्तराखंड राज्य में मानसून के आगमन के बाद बारिश का दौर जारी है। राज्य के अलग-अलग क्षेत्र में बारिश हो रही है और ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए धारचूला तहसील प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा हेतु इनर लाइन परमिट पर रोक लगा दी है और अब परमिट मौसम ठीक होने के बाद जारी किए जाएंगे।
क्षेत्र में बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण टनकपुर- तवाघाट एनएच, तवाघाट – सोबला ,तवाघाट – लिपुलेख सड़क बोल्डर और मलबे से बंद हो गई है इसके बाद दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं ऐसे में आदि कैलाश , पंचाचुली जाने वाले यात्रियों तथा स्थानीय लोगों को पैदल जाना पड़ रहा है। मौसम को देखते हुए प्रशासन द्वारा आदि कैलाश यात्रा पर रोक लगाते हुए इनर लाइन परमिट जारी करना भी बंद कर दिया गया है और कहा गया है कि सड़क खोलने वाले कर्मचारियों पर दबाव न डाला जाए क्योंकि बोल्डर और मलबा गिरने से नुकसान की आशंका बनी हुई है ऐसे में जब मौसम ठीक होगा उसके बाद ही परमिट जारी किया जाएगा।

