
उत्तराखंड राज्य के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के बाद अब फिर से भूस्खलन की स्थिति बनने लग गई है जगह-जगह मार्ग में भूस्खलन देखने को मिल रहा है ऐसे में केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा और पत्थर आने से मार्ग को बंद करना पड़ा और सोनप्रयाग- गौरीकुंड से यात्री आगे नहीं भेजे गए। गौरीकुंड से करीब ढाई किलोमीटर आगे सुबह से पैदल मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत का काम चल रहा था इसी बीच बारिश होने से दोबारा मलबा और पत्थर आ गए जिससे कि रास्ता बंद हो गया और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया तथा मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भी सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों की आवाजाही रोक दी तथा धाम से वापस लौट रहे यात्रियों को भी बीच पड़ाव पर रोका गया। बारिश के बाद लगातार जगह-जगह से भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं और ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा प्रशासन द्वारा यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रुकने व आगे न बढ़ने की अपील की गई है।





