इंडिया-बांग्लादेश ड्यूबॉल चैंपियन सीरीज में अल्मोड़ा के दो युवाओं को मिली जिम्मेदारी

अल्मोड़ा। जिले के दो युवाओं ने खेल जगत में जनपद का नाम रोशन किया है।

Advertisements

ड्यूबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आगरा, उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली इंडिया-बांग्लादेश ड्यूबॉल चैंपियन सीरीज 2026 (Men & Women) के लिए अल्मोड़ा के पंकज बोरा और सौरभ सिंह रावत का चयन महत्वपूर्ण तकनीकी जिम्मेदारियों के लिए किया गया है।

आयोजन 20 से 22 सितंबर 2026 तक आगरा में होगा। तीन दिवसीय इस चैंपियन सीरीज में भारत और बांग्लादेश के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

सिलखोड़ा, पोस्ट-ढौंरा, अल्मोड़ा निवासी पंकज बोरा का चयन प्रतियोगिता में टेक्निकल असिस्टेंट के रूप में किया गया है। वहीं मछोड़, भतरौजखान, अल्मोड़ा निवासी सौरभ सिंह रावत को टेक्निकल ऑफिसियल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दोनों युवाओं को इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय ड्यूबॉल सीरीज में तकनीकी एवं आधिकारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अनुभव प्राप्त है। पूर्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में अपनी तकनीकी सेवाएं देने के बाद एक बार फिर उन्हें इंडिया-बांग्लादेश चैंपियन सीरीज के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके अनुभव और सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है।

दोनों युवाओं के चयन की खबर से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। खेल क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे अल्मोड़ा के लिए गौरव का विषय बताते हुए दोनों चयनित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी हैं।
पंकज बोरा और सौरभ सिंह रावत ने अपने चयन पर ड्यूबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रतियोगिता के दौरान उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करेंगे।

Leave a Reply