Good News -: कुमाऊं का पहला ईट राइट स्टेशन बनेगा काठगोदाम रेलवे स्टेशन, जानिए क्या है ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान

हल्द्वानी| अक्सर देखा गया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर यात्री फिक्रमंद रहते है| उनके मन में हमेशा यह सवाल रहता है कि जिस खाद्य पदार्थ का वह सेवन कर रहे हैं कहीं उससे उनके स्वास्थ्य को नुकसान तो नहीं होगा, इस तरह के अनेक सवाल यात्रियों के मन में रहते हैं| इसी शंका को दूर करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ( एफएसएसएआई) काठगोदाम रेलवे स्टेशन को ईट राइट इंडिया बनाएगा|

Advertisements


इस योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर बिकने वाली खानपान की वस्तुओं की गुणवत्ता न सिर्फ पहले से ज्यादा बेहतर होगी, बल्कि खानपान तैयार करने वाले कर्मचारियों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी|
बताते चलें कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ओर से ईट राइट इंडिया सर्टिफिकेशन या प्रमाणन उन रेलवे स्टेशनों को प्रदान किया जाता है जो यात्रियों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की सुविधा देने में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम का पालन करते हैं| रेलवे स्टेशन को एक से पांच तक की रेटिंग वाली एफएसएसएआई पैनल की तृतीय पक्ष ऑडिट एजेंसी के निष्कर्ष पर प्रमाण पत्र दिया जाता है| यह प्रमाणन ईट राइट इंडिया अभियान का हिस्सा है| अब जल्द ही रेलवे के अधिकारियों के साथ काठगोदाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया जाएगा|


‘ईट राइट इंडिया’ अभियान का खाका फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एफएसएसएआई ने तैयार किया है| जिसमें स्वस्थ रहने के लिए किसे क्या खाना चाहिए, इस बारे में जानकारी दी जाएगी| इस अभियान से जुड़े वालंटियर लोगों को बताएंगे कि वह अपने भोजन में नमक, फैट और चीनी का कम प्रयोग करके किस तरह खुद को स्वस्थ रख सकते हैं|