अल्मोड़ा,बागेश्वर समेत अन्य पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट… जिलाधिकारी ने की सावधानी बरतने की अपील

बागेश्वर । भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितम्बर 2026 को जनपद बागेश्वर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यन्त भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जनपदवासियों से अपील की है कि अत्यधिक वर्षा एवं खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें तथा नदी-नालों, गधेरों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाएं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों से बचें तथा मौसम प्रतिकूल होने पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों को जाने की अनुमति न दी जाए। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों एवं विद्युत पोल से दूर रहते हुए सुरक्षित भवन में रहें।

Advertisements

Leave a Reply