बागेश्वर- जनसुनवाई में जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति जरुरी….विद्युत बिलों की विसंगतियां एक माह में दूर करने के दिये निर्देश

बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान सड़क, आधारभूत ढांचा, विद्युत, पेयजल आपदा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
विद्युत बिलों में मिल रही विसंगतियों पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए एक माह के भीतर सभी बिलों की जांच कर त्रुटियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को किसी भी स्थिति में अनावश्यक अथवा अतिरिक्त भुगतान के लिए बाध्य न किया जाए। निर्धारित समयावधि के बाद भी लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी जिला स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

Advertisements

जनसुनवाई के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायतों के संबंध में जवाब-तलब करते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, सीडीओ नरेश कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।