
बागेश्वर । संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह बिष्ट ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। उन्होंने सभी को संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठा, निष्पक्षता एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित भारत की संप्रभुता, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता की भावना को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। जनपद के विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने प्रस्तावना का पाठ किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण, उसके महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक कर्तव्यों के पालन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने दैनिक जीवन एवं कार्यप्रणाली में अपनाने का संदेश दिया गया।



