
बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी वृक्षारोपण अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों एवं विकासखंडों के लिए निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए तथा रोपित पौधों के संरक्षण एवं जीवितता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विभागवार लक्ष्य की नियमित समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
एस.डी.ओ. महेंद्र सिंह गोसाई ने बताया कि वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित अभियान में कृषि, उद्यान, शिक्षा, पंचायत राज, बालविकास, रेशम, भेषज, संगध पौधा केन्द्र, जिला खान खनिज एवं भूतत्व तथा वन विभाग शामिल हैं। इसके साथ ही बागेश्वर, गरुड़ एवं कपकोट विकासखंडों को भी पौधारोपण का जिम्मा सौंपा गया है। इन सभी विभागों और विकासखंडों को मिलाकर जनपद में कुल 18,65,000 पौधे लगाने का सामूहिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


