
भतरौंजखान (अल्मोड़ा) । राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान में जनगणना 2027 के अंतर्गत सेल्फ एन्यूमरेशन प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, अल्मोड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला समन्वयक शुभम वर्मा, हरिवंश, समन्वयक जे. बिष्ट और फील्ड ट्रेनर जनगणना डॉ. कैलाश चंद्र पांडेय ने प्रतिभागियों को स्व-गणना की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डिजिटल माध्यम से स्वयं ही जनगणना का फॉर्म भरा जा सकता है और इसमें क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए बेहद ज्ञानवर्धक रहा और इससे जनगणना की पूरी प्रक्रिया को समझने में आसानी हुई।
महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. केतकी तारा कुमैयां ने जिला प्रशासन, समन्वयक और फील्ड ट्रेनर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से महाविद्यालय परिवार जनगणना 2027 में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।


