बागेश्वर – सेवा संकल्प अभियान के तहत राइका कन्यालीकोट में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित…..193 लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ

बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को रा.इ.का. कन्यालीकोट में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 193 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, 17 लाभार्थियों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने के साथ ही संबंधित आवेदन पत्र भी भरवाए गए।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, सैनिक कल्याण, सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक सुरेश गढ़िया, दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और सुविधा उपलब्ध होती है तथा उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के को कहा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, महामंत्री भाजपा संजय परिहार, कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisements

Leave a Reply