
बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करालापालड़ी में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 350 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, 28 लाभार्थियों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने के साथ ही संबंधित आवेदन पत्र भी भरवाए गए।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, सैनिक कल्याण, सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधायक पार्वती दास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और सुविधा उपलब्ध होती है तथा उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहरी विकास विभाग की ओर से नगर पंचायत कपकोट एवं गरुड़ क्षेत्र में कबाड़ से जुगाड़, कबाड़ से कला, प्लास्टिक रिसाइकिलिंग मेला तथा रिसाइकिलर्स एवं बल्क वेस्ट जनरेटरों के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। पंचायतीराज विभाग की ओर से डंगोली क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वज्यूला में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से चौगांवछीना एवं देवलचौड़ा में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सूचना विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या, खंड विकास अधिकारी आलोक भंडारी, सहायक निबंधक सहकारिता आशीष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।





