
अल्मोड़ा, 17 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, पातालदेवी में आयोजित की गई। बैठक में आगामी बूथ स्तर के करणीय कार्यों, शक्ति केंद्रों की बैठकों तथा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं एवं बीएलए-2 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजय बिष्ट ने की। मंच पर मेयर अजय वर्मा, जिला महामंत्री दर्शन रावत, कैलाश गुरुरानी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कैलाश गुरुरानी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सही रूप से दर्ज हो, यह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से विधानसभा के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची का सूक्ष्म सत्यापन करने तथा किसी भी त्रुटि का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ की मजबूती के आधार पर कार्य करता है। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए प्रत्येक बूथ एवं शक्ति केंद्र को सक्रिय करना आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान में पूरी सक्रियता से भाग लेने, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों का सुधार कराने तथा प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक दृष्टि से सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री दर्शन रावत ने किया। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष संजय बिष्ट ने सभी कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में जिला पदाधिकारी मनोज जोशी, सुनील बिष्ट, मदन बिष्ट, कमल बिष्ट, मनीष जोशी , नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, सभासद मीरा मिश्रा,पूर्व नगर अध्यक्ष अमित साह , दीपा अधिकारी, भागा बिष्ट, संजय जोशी, रमेश धपोला, बलदेव आर्य, दीपक सिंह नेगी, मोती सिंह बिष्ट,रवि कुमार, नंदन सिंह बिष्ट, शंकर सिंह मेहता, विनोद सिंह कनवाल, प्रमोद पवार, जीवन सिंह, पूरन सिंह बोरा, शैलेंद्र साह, संजय कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल थे।

