
उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा फोरलेन के लिए पेड़ कटान पर रोक लगा दी गई है। देहरादून- ऋषिकेश फोरलेन के लिए हो रहे पेड़ कटान पर मुख्यमंत्री द्वारा रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं और उन्होंने सहमति बनने तक काम न करवाने के निर्देश जारी किए हैं। जनता, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की चिताओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री द्वारा यह निर्देश जारी किए हैं और उन्होंने कहा है कि जब तक सर्वसम्मति नहीं बनती तब तक पेड़ों का कटान नहीं होगा। पिछले कुछ दिनों से अनेक नागरिकों ,पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा देहरादून- ऋषिकेश फोरलेन परियोजना को लेकर हो रहे पेड़ कटान पर चिंता व्यक्त की जा रही है और इस पर मुख्यमंत्री द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। इस परियोजना पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरण स्वीकृतियों व प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही है। परियोजना में वन्य जीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडर पास तथा छोटे वन्य जीवों के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस परियोजना पर पेड़ों के कटान को लेकर लोगों द्वारा गहरी चिंता भी व्यक्त की गई है जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा पेड़ कटान पर रोक लगा दी गई है।


