
अल्मोड़ा। जिले के मौलेखाल क्षेत्र में सल्ट ब्लॉक से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां पर जीआईसी खुमाड़ में कई महीनो से पेयजल नहीं मिल पा रहा है। शहीद चूड़ामणि के नाम से संचालित जीआईसी खुमाड़ में कई महीनो से पेयजल संकट बना हुआ है। विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है, इस दौरान उन्हें कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। बीते शनिवार को विद्यालय में मध्यान भोजन बनाने और शौचायलयों के उपयोग के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। विद्यालय में 48 छात्र छात्राएं अध्यनरत है और पानी की कमी के कारण भोजन योजना भी प्रभावित हो रही है। भोजन बनाने ,बर्तन धोने के लिए भी विद्यालय परिसर को पानी नहीं मिल पा रहा है और विद्यालय प्रशासन को बाजार से डिस्पोजल पत्तल खरीदकर बच्चों को भोजन परोसना पड़ रहा है। पानी न मिलने के चलते छात्र छात्राओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और अब क्षेत्र वासियों, विद्यालय प्रशासन तथा अभिभावकों ने विद्यालय में नियमित पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग की है।


