बागेश्वर – विकास भवन में आयोजित समारोह में अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं….नवागत मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार का किया गया स्वागत

बागेश्वर । विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कापड़ी के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को स्मरण करते हुए प्रशासनिक योगदान, कार्यकुशलता एवं सौहार्दपूर्ण कार्यशैली की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी का स्थानांतरण उपायुक्त (परियोजना), ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी मुख्यालय के पद पर हुआ है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मृदुभाषी व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व, प्रभावी समन्वय एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली से प्रशासनिक व्यवस्था में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वहीं परियोजना निदेशक शिल्पी पंत का स्थानांतरण परियोजना निदेशक, नैनीताल के पद पर हुआ है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सभी अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा की तथा भावी दायित्वों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान नवागत मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जो पूर्व में उपायुक्त (परियोजना), ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी के पद पर कार्यरत थे, का भी आत्मीय स्वागत किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अधिकारियों को सम्मानित किया।

Advertisements

Leave a Reply