
उत्तराखंड राज्य में मानसून ने दस्तक दे दी है। बीते मंगलवार को काफी लंबे इंतजार के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तराखंड में प्रवेश कर गया है और मौसम विभाग द्वारा आज से अगले 4 दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा प्रदेश के कई हिस्सों से गुजर रही है और अगले 2 से 3 दिनों में यह शेष क्षेत्र में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। 2 जुलाई को राज्य में देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना दिखाई गई है। मौसम विभाग ने चेताया है कि लगातार बारिश के चलते भूस्खलन ,चट्टान गिरने और मलबा आने की घटनाएं भी हो सकती हैं तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।


