
याद-ए-हुसैन ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन, 19 लोगों ने किया रक्तदान
अल्मोड़ा। अल-अंजुमन सेवा समिति अल्मोड़ा द्वारा जामा मस्जिद अल्मोड़ा में “याद-ए-हुसैन” ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनाब उमर हुसैन एवं जनाब रजा अली अंसारी (मुतवल्ली, जामा मस्जिद अल्मोड़ा) ने संयुक्त रूप से की।
रक्तदान शिविर में कुल 19 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें 3 महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर शहर के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे तथा उन्होंने रक्तदान जैसे पुनीत कार्य की सराहना की।
रक्तदान करने वालों में असलम एडवोकेट, राजा खान, शाहनवाज वारसी, इसरार अहमद, राजू भाई, रहमत रवान, इंतखाब कुरैशी (पार्षद), अरहम अंसारी, अमन हुसैन, शयान हुसैन, नसीम अहमद, मुख्तार अंसारी, दानिश इस्लाम, आसिफ खान, आदिल खान, अरशद, खय्याम, शाहनवाज अंसारी, कु. जरीन खान, नाजिया खान एवं हूर बानो सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में कु. सैय्यद आशना अली, फैज, दानिश अंसारी, उमेश बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनाब उमर हुसैन ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी इंसानियत, सत्य, न्याय और मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। रक्तदान जैसे कार्य समाज में मानवता और सेवा भाव को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद लोगों को नया जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं जनाब रजा अली अंसारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं अल-अंजुमन सेवा समिति अल्मोड़ा के अध्यक्ष हाजी नूर खान ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं मानवीय कार्यक्रम समाज में भाईचारे, सहयोग और सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।


