
बागेश्वर । जनपद में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की समयबद्ध एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से निर्धारित वितरण स्थलों पर कुल 330 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों द्वारा वितरण कार्य संपन्न किया जा रहा है। इण्डेन गैस सर्विस, बागेश्वर द्वारा पौड़ीधार, स्यारीचौरा, रैखोली एवं जोशीगाँव में 120 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। वहीं, इण्डेन गैस सर्विस, गरूड़ द्वारा भतड़िया, सरोली, तुनिया, डुमलोट, बद्रीनाथ एवं सौली क्षेत्रों में 60 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है।
इसी प्रकार, इण्डेन गैस सर्विस, कपकोट द्वारा भराड़ी बाजार क्षेत्र में 20 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। जबकि शिखर भारत गैस सर्विस, शामा द्वारा रीमा क्षेत्र में 130 सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है तथा किसी भी क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं को नियमित एवं समयबद्ध आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके अतिरिक्त, जनपद के 14 पेट्रोल पंपों में वर्तमान में 94,078 लीटर डीजल एवं 74,997 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जिससे ईंधन की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है।

