बागेश्वर:- आदर्श एवं आत्मनिर्भर राजकीय नर्सरी के विकास को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक….उत्पादन, विपणन व अवसंरचना सुधार पर जोर

बागेश्वर । जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े ने गुरुवार को राजकीय नर्सरी के जीर्णोद्धार एवं समग्र विकास हेतु कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी से नर्सरी में वर्तमान में उगाए जा रहे पौधों, उनकी प्रजातियों, उत्पादन क्षमता तथा विपणन व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नर्सरी को आदर्श एवं आत्मनिर्भर इकाई के रूप में विकसित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने नर्सरी के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सचिव को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने ऑर्नामेंटल (सौंदर्यवर्धक) एवं इनडोर पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि आमजन की मांग पूरी होने के साथ-साथ नर्सरी की आय में भी वृद्धि हो सके। पौधों के संरक्षण एवं भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज की स्थापना के संबंध में व्यवहारिक एवं प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए । उन्होंने नर्सरी के आंतरिक मार्गों को सुव्यवस्थित करने के लिए इंटरलॉक टाइल्स लगाने तथा बम्बू हट निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके अतिरिक्त, स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों के लिए नर्सरी भ्रमण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें पौधों की सैंपलिंग, कटिंग, रोपण एवं नर्सरी प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने नर्सरी भ्रमण के लिए नाममात्र शुल्क निर्धारित करने का सुझाव दिया, जिससे नर्सरी की आय में वृद्धि के साथ-साथ उसके रखरखाव में भी सहयोग मिल सके।
बैठक के दौरान जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र आर्या ने अवगत कराया कि राजकीय नर्सरी से पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 5.86 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र आर्या, कुलदीप जोशी, प्रमोद राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply