गरुड़ -विविध रंगारंग कार्यक्रमों के बीच चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव सम्पन्न- विधायक पार्वती दास ने सौन्दर्यकरण को पांच लाख रुपए देने की करी घोषणा

रमेश चन्द्र पाण्डेय ( बृजवासी)

गरुड़ (बागेश्वर) । तहसील गरुड़ के भकुनखोला मैदान में नगर पंचायत द्वारा पहली बार आयोजित कत्यूर महोत्सव गरुड़ ने तल्ला कत्यूर,मल्ला कत्यूर एवं बिचल्ला कत्यूर की जनता को एक सूत्र में पिरोने का खूबसूरत ऐतिहासिक सन्देश दिया है। महोत्सव के दौरान जहां रंग, संस्कृति और विरासत ने मिलकर एकता की नई मिसाल पेश की। वहीं सबके मान सम्मान का भी बखूबी से ध्यान रखा गया। चार दिनों तक चले कत्यूर महोत्सव ने सिर्फ मंच नहीं सजाया… बल्कि कत्यूरी सभ्यता की पहचान को फिर से जीवंत कर दिया। लोक कलाकारों की प्रस्तुति, पारंपरिक झलक और सांस्कृतिक उत्साह के बीच यह महोत्सव पूरे क्षेत्र को एक सूत्र में बांधने में सफल रहा। खास बात ये रही कि इस आयोजन में राजनीति भी पीछे छूटती नजर आयी । भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक मंच पर दिखाई दिए। सभी ने एक सुर में कत्यूर घाटी की विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

विधायक पार्वती दास ने महोत्सव में सम्बोधित करते सौन्दर्यकरण के लिए पांच लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की। महोत्सव के दौरान अलंकार ग्रुप, रमेश जोशी कान्हा की की एवं नैनीताल से आई अवंतिका जोशी के भजन, लोकगीतों,कवि सम्मेलन तथा खेल प्रतियोगिताओं ,स्कूली बच्चों द्वारा दर्शकों को देर तक बांधे रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मंगल मूर्ति संगठन गरुड़ एवं समाज सेवी गोपाल सिंह नेगी के द्वारा बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था में कोई कमी नहीं छोड़ी गयी। गरुड़ नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन में प्रदेश सरकार से मिली 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला। इस मौके पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा समेत कई जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया। महोत्सव के समापन पर जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं… बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी पहचान से जोड़ने का काम भी करते हैं। कत्यूर महोत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात विरासत की हो तो राजनीति नहीं, एकता सबसे बड़ी ताकत बन जाती है।
कत्यूर महोत्सव के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, धीरज काण्डपाल अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी वैभव काण्डपाल,दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट,नन्दन सिंह अल्मिया, एडवोकेट डीके जोशी,धनश्याम जोशी,हरीश जोशी, रमेश जोशी,नगर पंचायत के सातों वार्ड सदस्यों सहित स्थानीय गणमान्य प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों का भरपूर सहयोग प्राप्त रहा।

Leave a Reply