बागेश्वर:-जनपद में आयोजित होगी आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल…..तैयारियों को लेकर बैठक

बागेश्वर । जनपद में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 17 मार्च 2026 को जनपद स्तर पर मॉक ड्रिल (आपदा अभ्यास) आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। यह अभ्यास जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के समन्वय से किया जाएगा, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपसी समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।
मॉक ड्रिल की तैयारियों के संबंध में अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल ने जिला सभागार कक्ष में बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा सभी विभागों को उनके दायित्व सौंपे। उन्होंने निर्देश दिए कि अभ्यास के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आपदा की वास्तविक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
बैठक में बताया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि/फ्लैश फ्लड, वनाग्नि तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर काल्पनिक परिदृश्यों के आधार पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अभ्यास करेंगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों के समुचित उपयोग तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत करना है।
बैठक में एआरटीओ अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जनपद की विभिन्न तहसीलों के उपजिलाधिकारी बैठक में वीसी के माध्यम से जुड़े।
बैठक में सभी विभागों को मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा निर्धारित योजना के अनुसार समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply