
बागेश्वर -हाल ही में कुछ समाचार पत्रों में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोबांज को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने संबंधी समाचार प्रकाशित किए गए हैं। इस संबंध में आयुर्वेद विभाग डॉ निष्ठा शर्मा कोहली द्वारा स्पष्ट किया गया है कि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोबांज को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।
वर्तमान में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोबांज अपने मौजूदा स्थान पर पूर्व की भांति नियमित रूप से क्षेत्र की जनता को सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा उपलब्ध सभी चिकित्सा सुविधाओं के साथ सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
आयुर्वेद विभाग द्वारा क्षेत्रीय जनता तथा यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को आयुर्वेद चिकित्सा का अधिक लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सालय को उच्चीकृत आयुर्वेदिक चिकित्सालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव निदेशालय को प्रेषित किया गया है। साथ ही चिकित्सालय को राजकीय भवन में स्थापित करने हेतु भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी गतिमान है।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोबांज यथास्थान संचालित रहेगा तथा क्षेत्र की जनता को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं पूर्ववत उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

