
बागेश्वर । ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को तहसील सभागार, कपकोट में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में बहुद्देशीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 235 लोगों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्नजनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में 9 आवेदकों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ मिला।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, सिंचाई एवं बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं और लाभ उपलब्ध कराए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, अधिशासी अधिकारी बलवंत सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

