
उत्तराखंड राज्य में चार धाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम की यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले होटल ढाबों और प्रतिष्ठानों को स्वच्छता पर स्टार रेटिंग तथा ग्रीन बैज दिए जाएंगे। चार धाम यात्रा को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में विभागीय अधिकारियों, निकायों और एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा अवधि के दौरान उत्पन्न होने वाले कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण ,संग्रहरण एवं पुनर्चक्रण के लिए कार्य योजना पर चर्चा की गई और इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों, होटल एसोसिएशन, दुकानदारों व अन्य स्टेक होल्डर को स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला अधिकारी का कहना था कि यात्रा मार्ग पर संचालित होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु स्टार रेटिंग और ग्रीन बैजिंग जैसी प्रोत्साहनात्मक व्यवस्थाएं भी लागू की जाएंगी।

