
उत्तराखंड राज्य में एकल महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीबीटी के माध्यम से 3 करोड़ से अधिक धनराशि 484 लाभार्थियों को भेजी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी और उन्हें सम्मान, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी। इससे राज्य की लाखों महिलाओं के संघर्ष , साहस और आत्मविश्वास को एक नई दिशा मिलेगी। पहली किस्त के रूप में योजना के तहत 3 करोड़ 45 लाख 34,500 की धनराशि दी गई है इसके साथ ही अन्य सात जिलों की 540 महिलाओं को भी लगभग चार करोड़ रुपए महीने के अंत तक डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। सचिव चंद्रेश यादव के अनुसार मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना एक सशक्त महिला उद्यमी योजना है और योजना के तहत अधिकतम दो लाख तक की परियोजनाओं के लिए 75% सब्सिडी दी जाएगी और अंशदान 25% तक रहेगा। पहले चरण में बागेश्वर, देहरादून, नैनीताल, टिहरी एवं उधम सिंह नगर की महिलाओं के खातों में धनराशि भेजी गई है।

